एमसीबी(गंगा प्रकाश)। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने जिला पंचायत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एन. सी. सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 18 नवम्बर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसकी पूर्व सूचना श्री सिंह को उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद वे बिना किसी पूर्व अनुमति या सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहे।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि अधिकारी का यह आचरण सौंपे गए विभागीय एवं पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
कार्यपालन अभियंता श्री सिंह को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्ट स्पष्टीकरण सहित दो दिवस के भीतर उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करें।
नोटिस में यह भी उल्लेख है कि यदि उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।
There is no ads to display, Please add some


