गरियाबंद(गंगा प्रकाश)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत गरियाबंद जिले के सभी मतदाताओं से मतदान तिथि शुक्रवार 17 नवम्बर 2023 को मतदान केन्द्र में जाकर अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। श्री छिकारा ने कहा कि जिले के दोनों विधानसभा राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिये जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्रों में 17 नवम्बर 2023 को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिये गर्व की बात है कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में हमें हिस्सा लेने का मौका मिल रहा है। गरियाबंद जिला प्रशासन द्वारा आपके सुगम मतदान हेतु समस्त व्यवस्थाएं मतदान केन्द्रों में सुनिश्चित की गई है। आपके मतदान से न केवल लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी, अपितु इससे जिले का मान भी बढ़ेगा। आप सभी से विनम्र अपील है कि 17 नवम्बर 2023 दिन शुक्रवार को आप सभी लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होकर अपने परिवार, इष्ट मित्रों तथा आस-पास के लोगो के साथ मतदान केन्द्र में जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
There is no ads to display, Please add some
