गरियाबंद(गंगा प्रकाश)।कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहे चिकित्सा सुविधा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं सहित स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को प्राथमिकता से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी पीएचसी में संस्थागत प्रसव को बढ़ाने एवं शत प्रतिशत प्रसव केंद्रों में कराने के निर्देश दिए। इसके लिए आंगनबाड़ी सहायिका मितानिनों की सहयोग से एनिमिक एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनसे संपर्क बनाए रखने एवं उन्हें पूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही एवं गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित कर आत्मविश्वास जागृत करने कहा। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मचारी नियमित रूप से समय पर उपस्थित होकर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने एवं मुख्यालय में नहीं रहने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत ओ.पी.डी में शत प्रतिशत क्लेम पूर्ण कराने के लिए कहा। साथ ही ऑनलाइन एंट्री कार्य भी पूर्ण कराने की बात कही। उन्होंने गांव में जाकर गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर वजन, हिमोग्लोबिन जांच एवं टीकाकरण के संबंध में जागरूक करने निर्देशित किया। कलेक्टर ने समस्त कार्यक्रमों का रिपोर्ट का भलीभांति परीक्षण उपरांत ऑनलाइन एंट्री समय पर करने हेतु निर्देश दिये। साथ ही सिकल सेल कार्यक्रम, सघन टीबी खोज अभियान, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत संस्थावार ओपीडी की प्रगति की जानकारी, स्कूली बच्चों का नेत्र परीक्षण, स्वास्थ्य केन्द्रों में जन्म लेने वालों बच्चों की जानकारी, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण, चिरायु कार्यक्रम, टीकाकरण की जानकारी, परिवार नियोजन, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री हाट बाजार, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिला की हीमोग्लोबिन जांच की शत प्रतिशत एन्ट्री समय सीमा में करने हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री मलिक ने स्वास्थ्य केन्द्रों में औषधि भंडारण स्थिति की जानकारी ली तथा औषधि भंडारण व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए एवं अनुपयोगी मेडिकल सामग्रियों को तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सा आमला को हिदायत देते हुए कहा कि औषधि भंडारण व्यवस्था नहीं पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई होगी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में औषधि भंडारण व्यवस्थित रखने, साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आने वाले मरीजों को आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के.सी. उरांव, सिविल सर्जन डॉ. देवेन्द्र नाग, डीपीएम सोनल ध्रुव सहित समस्त बीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some
