10 अक्टूबर 2022 तक कर सकेंगे आवेदन
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा 01 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को दिये जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान वर्ष 2022-23 हेतु 10 अक्टूबर 2022 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। गुण्डाधूर सम्मान से अलंकृत खिलाड़ियों को 1 लाख रूपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जायेगा।
जिला खेल अधिकारी श्री दीनु पटेल से मिली जानकारी अनुसार गुण्डाधूर सम्मान ऐसे पात्र खिलाडियों को दिये जायेंगे, जिन्होनंे वर्ष 2021-22 में ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अंकरण हेतु विचार क्षेत्र में लिया जाता है। सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशीप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण या रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
इस सम्मान के लिए उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत है या उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय/अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत है। इस सम्मान हेतु वर्ष की गणना 01 अप्रैल से 31 मार्च तक होगी। यह सम्मान खेल विभाग के अन्य खेल पुरस्कारों के अलावा होगा, जो खिलाड़ी को उसकी उपलब्धियों के लिए दिया गया है, लेकिन महाराजा प्रवीरचंन्द्र भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे। उक्त नियमों को विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय गरियाबंद में एवं विभागीय वेबसाईट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट स्पोर्टस्वायडब्ल्यू डॉट जीओवी डॉट इन में भी देखा जा सकता है।
गुण्डाधूर सम्मान हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2022 तक है। खेल विभाग के अधिकारिक वेबसाईट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट स्पोर्टस्वायडब्ल्यू डॉट जीओवी डॉट इन पर आवेदन का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। इस अवधि में अनुशंसा पत्र संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, अंर्तराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड़, छ.ग., रायपुर अथवा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला-गरियाबंद के कक्ष क्रं. 09 में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर संपर्क कर प्रस्तुत किया जा सकता है।
There is no ads to display, Please add some
