गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। चैत्र नवरात्र में क्षेत्र के जंगल और पहाड़ के मध्य स्थित माँ जतमई, घटारानी और झरझरा देवी मंदिर में भक्तों ने मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की है। समितियों से मिली जानकारी के अनुसार जतमई में इस साल 380 ज्योत, घटरानी में 205 तथा झरझरा माता मंदिर में 360 मनोकामना ज्योत प्रज्जवलित किए गए है। शनिवार पंचमी तिथि और रविवार षष्ठमी को यहां भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता जतमई एवं घटारानी और झरझरा माता मंदिर में दर्शन करने श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जतमईगढ ग्राम पंचायत संचालन समिति ने बताया कि पंचमी के अवसर पर 13 अप्रैल शनिवार को देवी का विशेष श्रृंगार किया गया। वहीं 16 अप्रैल को अष्टमी हवन पूर्णाहुति दी जाएगी। 17 अप्रैल बुधवार को श्रीराम नवमी के अवसर पर कुंवारी भोज एवं समापन कार्यक्रम होगा।
चैत्र नवरात्र में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जय मां जमतई सेवा समिति द्वारा 9 दिनों तक भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि और श्रद्धालुओं के सहायता हेतु पुलिस विभाग द्वारा पुलिस सहायता केन्द्र खोला गया है। जहां लगातार पुलिस जवान सुरक्षा हेतु तैनात रहते हैं। माँ घटारानी विकास समिति धसकुड़ के अध्यक्ष तारण धु्रव ने बताया कि समिति द्वारा पूरे नौ दिनों तक भोग भंडारे का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है जिसमे हजारों की संख्या मे भक्त प्रसाद ग्रहण करते है। इस चैत्र नवरात्र से यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी मिलने लगी है पहले यहाँ नेटवर्क नहीं होने से काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था साथ ही मुख्य द्वार पर पार्किंग पर सोलर हाई मास्क भी लगाया गया है जिससे रात में भी आने वाले भक्तों को सुविधा मिले। राजिम विधायक रोहित साहू भी रविवार दोपहर बाद क्षेत्र के इन मंदिरों मे दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने माँ जतमई, माँ घटारानी और मुरमुरा के पहाड़ी पर स्थित माँ झरझरा के दर्शन कर क्षेत्र के सुख शांति और उन्नति के लिए मनोकामना की।
There is no ads to display, Please add some
