Cgnews: तांदुला जलाशय में नाव पलटने से मछुआरा लापता, एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी
बालोद (गंगा प्रकाश)। जिले के तांदुला जलाशय में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण एक मछुआरे की नाव पलट गई, जिससे बोरिद गांव निवासी 40 वर्षीय सोमन कुमार निषाद लापता हो गया। घटना के 19 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार, सोमन निषाद रोज की तरह गुरुवार शाम मछली पकड़ने तांदुला डेम गया था। करीब शाम 5 बजे अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया, जिससे जलाशय में बड़ी-बड़ी लहरें उठने लगीं। कई मछुआरे किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन सोमन की नाव लहरों की चपेट में आकर डूब गई। रात 8 बजे तक इलाके में तेज आंधी और बारिश होती रही। जब देर रात तक सोमन घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह से ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने एनडीआरएफ को बुलाया। सुबह 11 बजे से गोताखोरों की टीम ने जलाशय में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक लापता मछुआरे की कोई खबर नहीं मिल सकी है। वहीं बालोद जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तांदुला जलाशय के आसपास सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
There is no ads to display, Please add some
