छुरा में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की फसल पर संकट
छुरा (गंगा प्रकाश)। अप्रैल की तपती गर्मी ने जहां आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं बिजली विभाग की लगातार बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियों को और अधिक बढ़ा दिया है। छुरा नगर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली की अघोषित कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसी भीषण गर्मी में बिजली की बार-बार हो रही कटौती ने बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोग पंखा और कूलर के बिना घरों में टिक नहीं पा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है। कई गांवों में दिनभर में कुछ ही घंटों के लिए बिजली मिल रही है। इसका सबसे बड़ा असर किसानों पर पड़ रहा है, जिन्होंने रबी फसल की खेती की है। सिंचाई के लिए बिजली पर निर्भर किसानों की फसलें अब सूखने की कगार पर हैं।
किसानों का कहना है कि पहले से ही महंगे खाद-बीज की मार झेल रहे हैं, और अब बिजली कटौती ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने की स्थिति पैदा कर दी है।
स्थानीय नागरिकों और किसानों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य किया जाए, ताकि गर्मी से राहत मिले और किसानों की फसलें भी बचाई जा सकें।
There is no ads to display, Please add some
