साइबर जागृति अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील, सेल्फी स्टैंड से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम रविवार को सपरिवार गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी राजिम पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणी संगम तट स्थित भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक प्रवास के दौरान डीजीपी गौतम ने मंदिर परिसर में गरियाबंद पुलिस द्वारा लगाए गए विशेष साइबर जागृति सेल्फी स्टैंड के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्वयं परिवार के साथ सेल्फी स्टैंड पर सेल्फी लेकर अभियान के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ाया।
बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने शुरू किया एक माह का आंदोलन
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के बीच पहुंचकर पुलिस महानिदेशक ने उनसे सीधे संवाद किया और डिजिटल ठगी से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इनके सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूकता और सावधानी भी उतनी ही आवश्यक है।
अंजान लिंक और लालच से बचने की अपील
डीजीपी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन मिलने वाले किसी भी प्रकार के लालच में न आएं। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से साइबर जागृति अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नागरिक सेल्फी स्टैंड के साथ अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि उनके मित्र, परिचित और परिवार के अन्य सदस्य भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक हो सकें।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें कॉल
पुलिस महानिदेशक ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर सूचना देना बेहद महत्वपूर्ण है।
खबर का हुआ असर: मडेली पंचायत सचिव अंबिका सोनी जनपद पंचायत छुरा में संलग्न
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस महानिदेशक की गरिमामयी उपस्थिति और आम जनता से की गई अपील से साइबर जागृति अभियान को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद पुलिस सोशल मीडिया, सेल्फी स्टैंड और पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
