भागवत दीवान
कोरबा (गंगा प्रकाश)। द्रोणिका के असर से बुधवार को शहर के साथ ही आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक आगे भी बारिश होने की संभावना है। पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली, वहीं लगातार टेम्प्रेचर में भी 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आ रही है।
चक्रवाती सिस्टम और द्रोणिका के कारण बारिश के लिए बने मजबूत सिस्टम से पिछले चार दिनों से जिलेभर में रूक-रूककर अच्छी बारिश हो रही है। इस बीच लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, कुछ देर धूप फिर अचानक बदली आने के बाद बाद बारिश होने लगती है। इसका असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। वहीं बारिश धान की फसल के लिए उपयोगी साबित हो रही है, तो सब्जी के लिए नुकसानदायक है।पिछले माह अगस्त में भी जमकर बारिश हुई। इसके कारण जिले में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसके बाद पखवाड़े भर से बारिश बंद हो गई। जिसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। मौसम विभाग के अनुसार चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र मध्यप्रदेश के मध्य भाग में स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, निम्न दाब के केंद्र, पेंड्रा रोड, जमशेदपुर, दीघा, और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक माध्य समुद्र तल पर स्थित है। जिसके कारण जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
There is no ads to display, Please add some
