अरविन्द तिवारी
रायपुर (गंगा प्रकाश)- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के नये राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की। राजभवन में हुई इस मुलाकात में प्रदेश के अब तक के सबसे बड़े सियासी मसले आरक्षण बिल पर भी बात हुई। इस दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू भी मौजूद थे। आरक्षण पर प्रदेश के इन अफसरों ने भी राज्यपाल को जानकारी दी। वहीं मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- मैंने आरक्षण के मामले में राज्यपाल से बात की है , उनको बताया है कि प्रदेश में सरकारी भर्ती रुकी है। हम चाहते हैं कि इस पर जल्द निर्णय हो। ताकि प्रदेश के हित में काम हो सके , राजनीति अपनी जगह है। सब का उद्देश्य जनता का हित है , युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसलिये तत्काल संज्ञान लेकर फैसला करने के लिये राज्यपाल से आग्रह किया। वहीं महामहिम राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आरक्षण के बिल पर जानकारी लेकर सकारात्मक फैसला करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें राज्यपाल के अनुभव का फायदा मिलेगा , मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही इस पर फैसला लेंगे , वो लॉ मिनिस्टर रह चुके हैं , राजनीति और प्रशासनिक काम काज का अच्छा अनुभव है और इस तरह के मामलों के बारे में वो जानते हैं।
There is no ads to display, Please add some
