आपसी विवाद ने लिया खूनी रूप, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
सत्येंद्र बंजारे
जांजगीर-चांपा/पामगढ़ (गंगा प्रकाश)। जनपद पंचायत पामगढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात एक अधेड़ की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तनौद का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तनौद निवासी मोहन महिपाल (45 वर्ष) पिता फिरत महिपाल का गांव के ही उमाशंकर साहू पिता चैतराम साहू से गुरुवार 14 मई की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उमाशंकर साहू ने मोहन महिपाल पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पांच हैंडपंप सूखे, पानी टंकी भी हुई खाली — भीषण जलसंकट से कराह उठा विजयपुर, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
हमले में गंभीर रूप से घायल मोहन महिपाल को परिजन तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से खरौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी उमाशंकर साहू घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
देशवासियों के जख्मों पर नमक छिड़क रही केंद्र सरकार — धनेन्द्र साहू
प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर सनसनी का माहौल है।
