शुकदेव वैष्णव
महासमुंद (गंगा प्रकाश)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा सरायपाली, बागबाहरा, चौकी बुंदेली और थाना खल्लारी पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस टीम ने सरायपाली के भौरादादर मोड़, ग्राम दर्राभाठा, बागबाहरा के भानपुर वार्ड क्रमांक 01, चौकी बुंदेली के रामनगर पारा तथा थाना खल्लारी अंतर्गत ग्राम कुर्रुभाटा जंगल में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कुल 55 लीटर महुआ शराब और 18 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 11,800 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान खल्लारी क्षेत्र के कुर्रुभाटा जंगल में महुआ पास से भरे 4 ड्रम बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं चौकी बुंदेली क्षेत्र में भी बड़ी मात्रा में महुआ पास को नष्ट किया गया।
इस अभियान में कुल 4 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार दिनांक 15 दिसंबर 2025 से अब तक चलाए जा रहे अभियान के तहत 5076.541 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 78 हजार 305 रुपये है। इस दौरान कुल 395 प्रकरण दर्ज करते हुए 451 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
महासमुंद पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक सहित 35 हजार की संपत्ति जब्त
थाना-वार कार्रवाई का विवरण:
थाना सरायपाली: दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मनबोध चौहान (46 वर्ष) निवासी आंवला चक्का तथा शैलेन्द्र दास (45 वर्ष) निवासी विवातीपाली को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 37 लीटर 800 एमएल महुआ एवं देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 8000 रुपये है।
चौकी बुंदेली (थाना तेंदुकोना): रामनगर पारा निवासी प्रेमलाल दिवान (45 वर्ष) को 15 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत लगभग 3000 रुपये बताई गई है।
थाना बागबाहरा: भानपुर वार्ड क्रमांक 01 निवासी दिलीप चौहान (40 वर्ष) को 4 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
थाना खल्लारी:ग्राम कुर्रुभाटा जंगल में दबिश के दौरान महुआ पास से भरे 4 ड्रम बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों और महुआ शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
There is no ads to display, Please add some
