गरियाबंद जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक की परीक्षा पर लगी रोक, बच्चों को स्कूल नहीं बुलाने की सूचना; सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 25 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली कक्षा 1वीं से 12वीं तक की त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा स्थगित कर दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी, गरियाबंद के नाम से जारी सूचना के अनुसार जिले के सभी विकासखंडों में अधिक वर्षा की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
👉 जरूर पढ़ें: बारिश में रखी नींव, अब एक साल में बदलेगी सड़क की तस्वीर?
सूचना में कहा गया है कि 25 सितंबर को आयोजित होने वाली त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा आज नहीं होगी। जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के संस्था प्रमुखों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों को आज स्कूल नहीं बुलाने का निर्देश
जारी संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्यार्थियों को आज स्कूल नहीं बुलाया जाए और स्कूल प्रबंधन/एसएमसी को परीक्षा स्थगित होने की जानकारी दी जाए। बारिश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी या जोखिम न हो, इसी उद्देश्य से परीक्षा स्थगित करने की बात कही गई है।
शिक्षकों और स्टाफ के संबंध में भी निर्देश
सूचना में स्कूल के स्टाफ एवं शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय स्तर पर परिस्थिति के अनुसार निर्णय लेने की बात कही गई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के संज्ञान में स्थिति लाकर उचित निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।
अब अगली परीक्षा कब?
परीक्षा स्थगित होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने अगला सवाल है कि आज की स्थगित त्रैमासिक परीक्षा अब किस तारीख को आयोजित होगी? उपलब्ध सूचना में स्थगित परीक्षा की नई तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में नई तिथि को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को विभागीय आदेश/सूचना का इंतजार रहेगा।
👉 जरूर पढ़ें: कागज पर बना ‘दिव्यांग’, सरकारी नौकरी हासिल की… फिर अचानक गायब हो गया वह नंबर!
जिला शिक्षा अधिकारी, गरियाबंद की सूचना के अनुसार फिलहाल 25 सितंबर की त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा स्थगित है। विद्यालयों को विद्यार्थियों और संबंधित अभिभावकों तक इसकी सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
