मतदाता सूची में त्रुटि बर्दाश्त नहीं, कर्तव्यों के पालन में लापरवाही पर होगा दंड – अधिकारियों की सख्त हिदायत
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)।बीएलओ को मिला स्पेशल ट्रेनिंग: भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से आई नौ सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को मतदाता सूची निर्माण और निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों पर गहन प्रशिक्षण दिया।
बीएलओ की जिम्मेदारियों पर जोर
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र की रीढ़ मानी जाने वाली मतदाता सूची का त्रुटिरहित निर्माण बीएलओ की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। प्रत्येक बीएलओ को आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा और अनुशासन से करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले बीएलओ पर आयोग द्वारा दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।
फार्म 6, 7 और 8 की विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को फार्म संख्या 6 (नाम जोड़ना), 7 (नाम हटाना) एवं 8 (संशोधन) की बारीक जानकारी दी गई। बताया गया कि इन प्रपत्रों की सही समझ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सबसे अहम है।
डिजिटल टूल्स की जानकारी
अधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित बीएलओ ऐप, वोटर हेल्पलाइन, ईआरओ नेट, सुगम ऐप एवं सी-विजिल ऐप के उपयोग की तकनीकी जानकारी भी दी। इन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से बीएलओ मतदाता पंजीकरण, शिकायत निवारण और मतदान केन्द्रों की निगरानी जैसे कार्य अधिक पारदर्शी तरीके से कर सकेंगे।
घर-घर सर्वे और नजरी नक्शा
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि घर-घर सर्वे के दौरान मतदाताओं से कौन-कौन सी जानकारी लेनी है और उन्हें कौन-सी जानकारी देना अनिवार्य है। साथ ही मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया, ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशिक्षण में मौजूद अधिकारी
इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के अवर सचिव प्रकाश चन्द्र गुप्ता, अनुविभाग अधिकारी दिनेश शर्मा, सहायक अनुविभाग अधिकारी लव चौहान, सौरभ कुमार, जितेन्द्र कुमार, सुमीत, रामूर्ति, सुश्री ज्योति सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे।
जिला प्रशासन की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर रामसिंग सोरी और जिले के मास्टर ट्रेनर बीएलओ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी प्रशिक्षण में शामिल हुए।
There is no ads to display, Please add some
