‘छात्रों की गूंज’ जनसंवाद में पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद द्वारा वार्ड क्रमांक-6 स्थित गोवर्धन पारा में ‘छात्रों की गूंज’ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पंचायत मंत्री एवं पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में विधायक जनक ध्रुव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, अमित मीरी, रूपेश साहू, आबिद ढेबर एवं रमेश शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रायपुर में वन मंत्री केदार कश्यप व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिले बस्तर के जनप्रतिनिधि, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
सभा को संबोधित करते हुए अमितेश शुक्ल ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसियों की लापरवाही और केंद्र सरकार की विफलता के कारण युवाओं का विश्वास परीक्षा प्रणाली से कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के सपनों और भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दे उठाए जाने की सराहना भी की। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार पेपर लीक के मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में छात्र, किसान और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं के बाद कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाए जाने की घटनाएं अत्यंत दुखद हैं और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे छात्रों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार छात्रों के हितों की आवाज उठा रही है, जबकि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
फिंगेश्वर में एल्डरमैन नियुक्ति पर घमासान: भाजपा कार्यकर्ताओं में बढ़ा असंतोष, इस्तीफे की चेतावनी से गरमाई सियासत
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कांग्रेस आंदोलन कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों की उपेक्षा करने के आरोप भी लगाए।
कार्यक्रम का संचालन कार्यालय प्रभारी नीरज ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री कमलेश यदु ने किया। इस अवसर पर राजेश साहू, सन्नी मेमन, छगन यादव, चंद्रभूषण चौहान, रामगुलाल सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
