मैनपुर (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव पहली बार मंत्री बनने के बाद बुधवार दोपहर लगभग चार बजे जैसे ही मैनपुर पहुंचे, क्षेत्रवासियों और यादव समाज ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गाजे-बाजे के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरा नगर “गजेन्द्र यादव जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
मंत्री यादव जिला स्तरीय राऊत नाचा माता महोत्सव में शामिल होने पहुंचे, जहां उन्होंने सहाड़ादेव की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने की। मंच पर बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष धनमती यादव, जिपं सदस्य लोकेश्वरी नेताम, नगर पालिका गरियाबंद अध्यक्ष रिखिराम यादव, एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व समाजजनों की उपस्थिति रही।
यादव समाज ने मंत्री गजेन्द्र यादव का गजमाला, पारंपरिक खुमरी और लाठी भेंटकर सम्मान किया।
हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन निर्माण की घोषणा
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री यादव ने कहा कि मैनपुर क्षेत्र सभी समाजों की एकता का श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने मैनपुर की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
घोषणा के बाद हजारों लोगों की भीड़ ने जोश के साथ नारे लगाए।
बुनकर भवन एवं राऊत नाचा समिति को 25 हजार की सौगात
मंत्री ने बताया कि ग्रामोद्योग विभाग के अंतर्गत मैनपुर के बुनकरों की समस्याओं को देखते हुए बुनकर भवन निर्माण के लिए लाखों की राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने आयोजन समिति को ₹25,000 की सहायता भी प्रदान करने की घोषणा की, जिस पर पूरा मंच तालियों से गूंज उठा।
दोना-पत्ती प्लांट और वनोपज आधारित उद्योग लगाने की घोषणा
मंत्री यादव ने मैनपुर-देवभोग क्षेत्र में बड़े दोना-पत्ती प्लांट की स्थापना की घोषणा की। साथ ही वनोपज आधारित उद्योग स्थापित कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही।
स्कूल भवन अधूरे रहने पर जताई नाराजगी
उन्होंने कहा कि गरियाबंद जिले में पिछले ढाई सालों में स्कूल भवनों के लिए करोड़ों रुपये जारी किए गए, परंतु कई भवन आज भी अधूरे पड़े हैं। इसकी समीक्षा कर कड़ी कार्रवाई करने की बात उन्होंने कही।
विधायक जनक ध्रुव ने रखीं क्षेत्र की मांगें
बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि मंत्री के आगमन से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने – जर्जर एवं अधूरे स्कूल भवनों को जल्द पूर्ण करने, नए आश्रम-छात्रावास स्वीकृत करने, शिक्षकों की कमी दूर करने की मुख्य मांगें रखीं।
यादव समाज प्रमुखों ने व्यक्त की उम्मीदें
सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि समाज की गौरवशाली परंपरा रही है और समाज के प्रतिनिधि के मंत्री बनने से लोगों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने मैनपुर क्षेत्र को यादव समाज की जागरूकता और सक्रियता का उदाहरण बताया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष गेन्दु यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन भी उन्होंने ही किया।
भारी जनसमूह और कड़ी सुरक्षा
कार्यक्रम में चेतन यादव, सुखराम यादव, सुकदेव यादव, सरिता सेन, दिनेश सचदेव, एसडीओपी खुजुर, थाना प्रभारी शिशंकर हुर्रा, बीईओ महेश पटेल सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
मंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
There is no ads to display, Please add some
