20-25 दिन बाद भी पूरा नहीं हुआ निर्माण, 25 गांवों का संपर्क बाधित
राजमन कश्यप / नारायणपुर(गंगा प्रकाश )
अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इन दिनों बदहाली का शिकार है। ठेकेदार द्वारा एप्रोच रोड का निर्माण अधूरा छोड़ देने से पिछले 20 से 25 दिनों से आवागमन ठप सा है। आलम यह है कि करीब 20 से 25 गांवों के ग्रामीणों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले 100 से 200 शिक्षकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो गई है। कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यह मार्ग किसी खतरे से कम नहीं। कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, लेकिन निर्माण एजेंसी की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर एप्रोच रोड का निर्माण तत्काल पूर्ण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों में लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। समय रहते मार्ग को सुरक्षित और सुगम नहीं बनाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
