छुरा ब्लॉक के पत्रकारों ने एकजुट होकर मनाया स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के नीचे गूंजे देशभक्ति के जयघोष
छुरा (गंगा प्रकाश)। अजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक इकाई के पत्रकारों ने मिलकर स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन किया। ब्लॉक मुख्यालय में सुबह 8 बजे से ही पत्रकार साथियों का जुटना शुरू हो गया था। तिरंगे के सम्मान में सभी के चेहरे पर गर्व और देशभक्ति की चमक साफ झलक रही थी।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद देशभक्ति के नारे गूंजे
सभी पत्रकार साथी निर्धारित समय पर पहुंचे। जैसे ही ब्लॉक इकाई पत्रकार संघ अध्यक्ष के वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र तिवारी और साथियों ने तिरंगे को फहराया, वातावरण “वंदे मातरम”, “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। आसमान में लहराता तिरंगा और वहां मौजूद हर एक पत्रकार के चेहरे पर देश के प्रति गर्व की भावना, मानो स्वतंत्रता संग्राम की गाथा दोहराने लगी।
कार्यक्रम में रही पत्रकारों की मजबूत मौजूदगी
इस अवसर पर अ. समद खान, यशवंत यादव, प्रकाश कुमार यादव, कुलेश्वर सिन्हा, परमेश्वर राजपूत, इमरान मेमन, यामिनी चंद्राकर,अनीश सोलंकी,मेषनंदन पांडेय, विकास कुमार ध्रुव,परस सिन्हा, किशन सिन्हा, भूपेंद्र सिन्हा, दिलीप बघेल, पूर्व पार्षद रिंकू सचदेव, सहित ब्लॉक के अन्य पत्रकार भी मौजूद रहे। सभी ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने का काम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और देशभक्ति की भावना बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है।
देश के लिए त्याग और एकता का संकल्प
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महज एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन लाखों बलिदानों की याद है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र हैं। पत्रकारों ने संकल्प लिया कि वे समाज में सच्चाई, न्याय और एकता की आवाज़ बनकर रहेंगे, चाहे हालात कितने भी कठिन क्यों न हों।
मौके पर आपसी सौहार्द का संदेश
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया। फिर सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और चाय-नाश्ते के दौरान आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे का माहौल बना रहा।
छुरा ब्लॉक इकाई के इस सामूहिक आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब बात देश के सम्मान और तिरंगे की हो, तो पत्रकारिता से जुड़े लोग भी एकजुट होकर आगे खड़े रहते हैं।
There is no ads to display, Please add some
