छुरा (गंगा प्रकाश)। गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र मेंअवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शराब कारोबारियों और उनके परिजनों ने हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा, लेकिन शुक्रवार सुबह दोबारा दबिश देकर महिला सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और पुलिस पर हमले सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात कांदागड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर 8 सदस्यीय पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई शुरू करते ही कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की की और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण पुलिस बल को तत्काल गांव से लौटना पड़ा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
घटना के बाद पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ शुक्रवार सुबह दोबारा गांव में दबिश दी। इस दौरान 4 पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित्रा नेताम, चुनेश्वर मरकाम सहित अन्य शामिल हैं। सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सहायक उपनिरीक्षक यदुराज की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 191(2), 115(2), 191(3), 121(1), 296, 132 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
49 लाख के इनामी 8 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 5 महिला नक्सली भी शामिल
पुलिस का पक्ष
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस(एस.डी.ओ.पी.) गरिमा दादर ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वाले तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
