भूषण सेठिया/ भैरमगढ़/बीजापुर (गंगा प्रकाश )
बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त कार्रवाई, पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में अभियान के दौरान एक नक्सली सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू, पिता पाण्डू, उम्र 39 वर्ष, निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में कार्य करना स्वीकार किया। उसने नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक को छिपाने के लिए ले जाना भी कबूल किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50,050 रुपये नगद, 01 बीजीएल लांचर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम, 01 हैंड ग्रेनेड, 303 बोर के 15 जिंदा राउंड, 31 बीजीएल कार्ट्रिज, 01 इंसास की खाली मैगजीन, बिजली वायर, 03 राउंड चार्जर और 01 एमीटर लीड बरामद किया गया।’पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
