एक की रीढ़ में चोट, दो मासूम बच्चियों समेत सभी घायलों का उपचार; समय रहते बचाव से टली जनहानि
देवभोग/उरमाल (गंगा प्रकाश)। रथयात्रा पर्व के दौरान लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच देवभोग क्षेत्र के उरमाल बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए लोग बाजार स्थित ईंट-खपरे से बने एक पुराने होटल में शरण लिए हुए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण जर्जर हो चुका भवन अचानक भरभराकर ढह गया। भवन गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय होटल के अंदर और आसपास 9 से अधिक लोग मौजूद थे। भवन के मलबे में कई लोग दब गए, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों एवं बाजार में मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल पहुंचाया गया।
देवभोग में आज भी भगवान जगन्नाथ लेते हैं ‘लगान’, 84 गांवों से जुड़ी है 170 साल पुरानी आस्था की अनूठी परंपरा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल के चिकित्सक डॉ. पांडे ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिसे एक्स-रे जांच के लिए भेजा गया है। अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घायलों में रोहित सिन्हा (28 वर्ष, ग्राम धोरकोट), प्रीतिवास (उरमाल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, ओडिशा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति तथा दो वर्षीय एवं चार वर्षीय दो मासूम बच्चियां सहित अन्य लोग शामिल हैं।
घटना के बाद उरमाल बाजार में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पुराना भवन पूरी तरह कमजोर हो चुका था। यदि हादसे के समय वहां अधिक भीड़ होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में स्थित जर्जर भवनों का तत्काल सर्वे कराया जाए और ऐसे भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
