बेरोजगार युवाओं का तैयार हो रहा डाटा, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद
पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं बीट आरक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन भ्रमण कर सीधे ग्रामीणों और युवाओं से संवाद स्थापित किया।
इस दौरान पुलिस टीम गांवों और मोहल्लों तक पहुंची और लोगों को सुरक्षा, सतर्कता और कानून संबंधी जरूरी जानकारी दी। विशेष रूप से युवाओं पर फोकस करते हुए उन्हें साइबर अपराध, नशा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत बीट आरक्षकों द्वारा प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड स्तर पर बेरोजगार युवक-युवतियों का डाटा तैयार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और उनकी संख्या का आंकलन कर उन्हें भविष्य में कौशल विकास योजनाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल या आधार नंबर साझा न करें। साथ ही फर्जी कॉल, लिंक और लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि ठगी की स्थिति में तुरंत इस नंबर पर संपर्क करें।
इसके अलावा नशा मुक्ति को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इसके कानूनी परिणामों से अवगत कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।
पुलिस का यह जन-जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिससे जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ एक सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।
There is no ads to display, Please add some