धमतरी (गंगा प्रकाश)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एआरओ, उपायुक्त नगर निगम, सीईओ जनपद, पीओ नरेगा, एपीओ और तहसीलदार मौजूद रहे, जबकि विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। एसडीएम पीयूष तिवारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी पवन प्रेमी भी बैठक में उपस्थित थे।
कलेक्टर मिश्रा ने सभी अधिकारियों को “इलेक्शन मोड” में कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध, सटीक और पूरी तरह पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने शेष गणना पत्रकों के शीघ्र वितरण, समय पर कलेक्शन और डेटा एंट्री की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय रहे—किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा सभी प्रविष्टियों के शुद्धिकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों को तत्काल निराकृत कराने पर जोर दिया।
अंत में कलेक्टर मिश्रा ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित रूप में तैयार हो सके।
There is no ads to display, Please add some
