छुरा (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के निर्देशन तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा और राज्य सचिव जितेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में जिले में स्काउटिंग गतिविधियां निरंतर प्रगतिशील रूप से संचालित हो रही हैं। स्काउटिंग सही मायनों में सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पर्याय है, जो बच्चों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करता है।
स्काउट-गाइड बच्चों को स्वावलंबन, प्रकृति प्रेम, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों में जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। संस्थापक लॉर्ड बेडन पावेल द्वारा स्थापित नियम, प्रतिज्ञा एवं सेवा भाव आज भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव बने हुए हैं।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ के पदेन संरक्षक कलेक्टर बी.एस. उईके एवं पदेन आयुक्त जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर के मार्गदर्शन में जिले में बच्चों को स्काउटिंग से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्काउटिंग के क्षेत्र में छुरा नगर का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहाँ राष्ट्रपति पुरस्कार, राज्यपाल पुरस्कार एवं प्रधानमंत्री पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड पूर्व में विभिन्न national व international शिविरों में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इस गौरवशाली परंपरा को वर्तमान में एच.डब्ल्यू.बी. होल्डर स्काउट मास्टर अर्जुन धनंजय सिन्हा पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। विद्यालय में नियमित रूप से स्काउटिंग, योग एवं सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
हाल ही में स्काउट-गाइड द्वारा विद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसकी नियमित देखरेख भी स्वयं छात्र-छात्राएं कर रहे हैं। किचन गार्डन में लगाए गए फूलों और पौधों से विद्यालय परिसर सुगंधित और हरित हो गया है। साथ ही शालेय स्वच्छता को लेकर भी नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इन उत्कृष्ट कार्यों से प्रसन्न होकर प्रधानपाठक निर्भय राम ठाकुर ने स्काउट-गाइड को “द टाइडिनेस एक्सपर्ट” की उपाधि प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व में स्काउट-गाइड द्वारा निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाई गई थी।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन सहायक आयुक्त के.एल. मतावले, प्राचार्य एन.सी. साहू, नवाचारी शिक्षक शंकर लाल यदु, गाइड कैप्टन थनेश्वरी यादव सहित शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष संतराम साहू, वरिष्ठ शिक्षक मुरारी राम देवांगन, उमेश कुमार ढीढी, अर्जुन धनंजय सिन्हा, चंद्रभूषण निषाद, सुशील कुमार पांडे, तरुण कुमार साहू, शीतल चंद्राकर, करुणा वर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने स्काउट-गाइड को अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
There is no ads to display, Please add some
