गरियाबंद/देवभोग (गंगा प्रकाश)।प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 1 दिसंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, इससे जुड़े कलंक को समाप्त करना और एचआईवी मुक्त समाज की दिशा में लोगों को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश साहू ने कहा कि एड्स आज भी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच, सही जानकारी और नियमित उपचार से इस पर पूरी तरह नियंत्रण संभव है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी भय के जांच कराएं और जागरूक रहें।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन कंचन एवं डॉ. सन्नी यादव ने एचआईवी के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बीमारी छुआछूत से नहीं फैलती, इसलिए एचआईवी से पीड़ित लोगों के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर काउंसलर यादराम ध्रुव एवं लैब टेक्नोलॉजिस्ट शरद कुमार बघेल ने जांच प्रक्रिया, परामर्श सेवाओं और निःशुल्क उपचार की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों को एचआईवी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एचआईवी मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया तथा सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some
