बेमेतरा (गंगा प्रकाश)। कलेक्टर एल्मा ने आगामी मानसून के चलते जिले में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नगरसेना, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, विधुत, यातायात पुलिस, खाद्य विभाग को आवश्यक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होने नगर सेना के जवानों को बाढ़ आने के पूर्व सभी तैयारियों को पूर्ण करने को कहा साथ ही गोताखोरों और मोटरबोट चालकों को बोट के साथ तैयार रहने को कहा।
उन्होने स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों के लिए जरूरी दवाइयों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर लेवें, खासकर सर्पदंश की दवाएं, क्लोरिन टेबलेट, आरएसएस घोल के पैकेट, हैलोजन टेबलेट, एंटीरेबिज की सूइयां, एंटीबायोटिक दवाएं, ब्लीचिंग पाउडर आदि। इसके अलावा पशुधन विकास विभाग के अधिकारी को पशु चिकित्सा के लिए आवश्यक दवाओं को उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशु आश्रय स्थल के साथ ही पशुओं के लिए चारा की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। खाद्य अधिकारी को बाढ़ के दौरा प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक खाद्य सामग्रियों की पूर्ति करने को कहा। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती लीना मण्डावी, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी एवं छन्नू लाल मारकण्डे, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सुरुचि सिंह, बेरला युगल किशोर उर्वशा, नवागढ़ उमाशंकर बंदे, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, हीरा गवर्ना, पिंकी मनहर सहित जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some
