गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती कल25 दिसंबर सुशासन दिवस के रूप में विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में मनाई जाएगी। राज्य शासन द्वारा सुशासन दिवस 25 दिसंबर 2023 को ग्राम पंचायतों में पहले से निर्मित अटल स्तंभ की साफ-सफाई आवश्यक मरम्मत आदि कराने के निर्देश दिए गए है। कल 25 दिसंबर सुशासन दिवस के दिन निर्वाचित जनप्रतिनिधि और आम नागरिक ग्राम तथा ग्राम पंचायत में सुशासन स्थापित करने का संकल्प भी लेंगे। इसी क्रम में ग्राम और ग्राम पंचायतों में 25 दिसंबर से आगामी एक सप्ताह तक स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सीईओ अजय पटेल ने सुशासन दिवस के आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए है। सुशासन दिवस 25 दिसंबर 2023 को आयोजित कार्यक्रम निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को गरिमामय उपस्थिति में प्रातः 10 बजे अटल चौक से प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर अटल चौक में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर, दीप प्रज्जवलन पश्चात् उपस्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता द्वारा ग्राम तथा ग्राम पंचायत में सुशासन स्थापित करने का संकल्प भी लिया जाएगा। सीईओ अजय पटेल ने सुशासन दिवस के आयोजन के लिए सभी ग्राम पंचायत के सचिवों को निर्देश दिया है कि सुशासन दिवस मनाने के लिए कार्यक्रम की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आयोजित कार्यक्रम के फोटोग्राफ एवं पालन प्रतिवेदन संचालक, पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़, नया रायपुर एवं जनपद पंचायत को भेजा जाए।
There is no ads to display, Please add some


