कल मिलेगा निराई माता के दर्शन का दुर्लभ अवसर, केवल पुरुषों का ही होता है प्रवेश
कृष्णा दीवान
धमतरी (गंगा प्रकाश)। चैत्र नवरात्रि के पहले रविवार को निराई माता के दर्शन का विशेष अवसर रहेगा। यह दिन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि साल में केवल एक ही बार माता के दर्शन की अनुमति मिलती है। खास बात यह है कि इस पावन अवसर पर केवल पुरुष ही माता के दर्शन कर सकते हैं, जबकि महिलाओं का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित होता है।
माता निराई का यह रहस्यमयी गुफा मोहेरा गांव के पास, एक ऊंचे पहाड़ पर स्थित है। यह स्थल धमतरी जिले के मगरलोड से करीब 30 किलोमीटर और गरियाबंद से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं।
माता निराई की विशेषता यह है कि यहां स्थित ज्योत बिना तेल और बाती के स्वयं जलती रहती है, जो भक्तों के लिए आस्था और चमत्कार का प्रतीक बनी हुई है। हर साल चैत्र नवरात्रि के पहले रविवार को मंदिर के पट खोले जाते हैं और हजारों की संख्या में पुरुष श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा, पानी, स्वास्थ्य और मार्ग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
There is no ads to display, Please add some


