गोलू कैवर्त बलौदाबाजार।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के एल चौहान ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के प्रचार-प्रसार आज शाम 6 बजे समाप्त हो जाने एवं मतदान सामग्री वितरण के संबंध में आज संयुक्त जिला कार्यालय में सहायक रिटर्निग ऑफिसर एवं नोडल अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चौहान ने बताया कि मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व आज शाम 6 बजे से प्रचार-प्रसार बंद हो गया है। कलेक्टर श्री चौहान ने कहा कि संबंधित लोकसभा क्षेत्र में बाहर से आए व्यक्तियों की लोकसभा क्षेत्र में उपस्थिति प्रतिबंधित है। यदि वे संबंधित लोकसभा क्षेत्र में पाए जाते हैं तो उन्हें क्षेत्र से बाहर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसे सभी व्यक्ति जो संबंधित लोकसभा क्षेत्र के अभ्यर्थी,उसका अभिकर्ता अथवा पंजीकृत मतदाता है वहीं संबंधित लोकसभा क्षेत्र में रह सकते हैं। इस संबंध में सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लाउड स्पीकर एवं कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले के सभी होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, रैन बसेरा, बस स्टैण्ड सहित अन्य स्थानों की जांच करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चौहान ने मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण की तैयारी के संबंध में सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मतदान सामग्री वितरण केन्द्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों में दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान सामग्री वितरण एवं रवाना करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान दल को सामग्री वितरण के समय विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सभी प्रकार की जानकारी निर्धारित प्रारूप में भरकर समय-समय में देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की जानी है वहां वॉल राइटिंग या फ्लैक्स अवश्य लगाएं। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर आर दुबे सहित सभी नोडल अधिकारी एवं सभी सहायक रिटर्निग ऑफिसर उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


