गरियाबंद/राजिम/कोपरा (गंगा प्रकाश)। क्षेत्र में हो रही भारी बिजली कटौती को लेकर भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विद्युत विभाग पर लोड सेटिंग के नाम पर हर रात्रि बिजली कटौती करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोड सेटिंग के नाम पर हर रोज आधी रात दो-दो घंटे बिजली बंद करना सर्वथा अनुचित है। क्षेत्र की जनता और किसान साथी इससे भारी परेशान हैं। क्षेत्र की जनता को बिजली कटौती के चलते गत रात्रि विद्युत वितरण केंद्र कोपरा और विद्युत वितरण केंद्र श्यामनगर में रतजगा और हंगामा करना पड़ा तब जाकर डेढ़ बजे रात में बिजली सप्लाई शुरू की गई। कांग्रेस की सरकार प्रदेश की जनता को बिजली बिल हाफ का झांसा देकर बिजली की सप्लाई को हाफ कर दी है जिसका परिणाम उसे आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा। अगर बिजली व्यवस्था सुचारु रूप से नहीं की गई तो जल्द ही जनता के हित में विद्युत सब स्टेशनों का घेराव किया जायेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
There is no ads to display, Please add some


