अरविन्द तिवारी
रायपुर(गंगा प्रकाश) – छत्तीसगढ़ में गृह विभाग के सचिव के नाम से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फर्जी आदेश जारी किये जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल फर्जी पत्र के मुताबिक पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि मंदिरों में अनाधिकृत कब्जा कर हिन्दू राष्ट्र बनाने , अंधविश्वास फैलाने वाले कान्यकुब्ज और सरयूपारिण व अन्य पुजारियों के खिलाफ राजद्रोह का अपराध दर्ज करें। जारी आदेश को पढ़ने के बाद अवर सचिव को इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद मामले में अवर सचिव ने राजधानी रायपुर के राखी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। फर्जी आदेश जारी हुआ है उसमें ब्राह्मणों को टारगेट किया गया है , उन्हें पाखंडी और देशद्रोही बताया गया है। इसके साथ ही कहा गया कि भारत सरकार ने धारा 370 हटा दी है , जिसके बाद शांति है। इसलिये कान्यकुब्ज , सरयूपारीण और कश्मीरी जो अपने मूल स्थान से पलायन कर छत्तीसगढ़ में पनाह लिये हैं , उन्हें उनके मूल स्थाना में वापस भेजा जाये। इसके साथ ही इस फर्जी आदेश में ब्राह्मणों को विदेशी डीएनए का बताया गया है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहा ये फर्जी आदेश 16 मार्च 2023 को जारी हुआ था। वहीं मामला सामने आने के बाद अवर सचिव मनोज श्रीवास्तव ने राखी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने अवर सचिव के नाम व पदनाम का उल्लेख कर फर्जी दस्तावेज कूटरचित कर इंटरनेट मीडिया में वायरल कर मेरी और गृह विभाग की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के लिये कहा है। अंदर सचिव की शिकायत पर कार्यवाही करते हुये राखी थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 419 ,469 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इस मामले में पुलिस और साइबर सेल ने अपनी जांच शुरु कर दी है।
There is no ads to display, Please add some


