मैनपुर पुलिस की कार्रवाई, 7.72 लाख रुपये का गांजा और परिवहन में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त
मैनपुर(गंगा प्रकाश)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गरियाबंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.44 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 72 हजार रुपये है, बरामद किया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकपोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में 22 अगस्त 2026 को मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति महाराष्ट्र पासिंग वाली पल्सर मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से अवैध गांजा लेकर मैनपुर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं।
पर्यटन स्थलों पर गीतों के जरिए साइबर ठगी से बचाव का संदेश, डीएसपी गोपाल वैश्य ने किया जागरूक
सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस की टीम ने झरियाबहरा के पास चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की और दोनों की पहचान रोहित दत्त साल्वे (26), निवासी पेडरॉड पंचवटी, नासिक (महाराष्ट्र) तथा आनंद रामदास लौंधे (22), निवासी कुंभरवाड़ा, थाना भद्रकाली, जिला नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास रखे बैग की गवाहों के समक्ष तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 15.44 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत 7 लाख 72 हजार रुपये आंकी है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-15-केपी-7573 को भी जब्त किया गया।
पर्यटन स्थलों पर गीतों के जरिए साइबर ठगी से बचाव का संदेश, डीएसपी गोपाल वैश्य ने किया जागरूक
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जब्त सामग्री: 15.44 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 7 लाख 72 हजार रुपये तथा बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-15-केपी-7573।
