गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। अंचल में वर्षा ऋतु में उल्टी दस्त, मलेरिया, पीलिया व अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के लिए पूर्व में ही उचित रोकथाम एवं प्रबंध किए गए है। आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाव उपाय के साथ ही जागरूक भी किया जा रहा है। विकासखंड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी व्ही. के. हिरौंदिया ने बताया कि विकासखंड में ओआरटी कार्नर की स्थापना की गई है जिसमें उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 01 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र है। जिसमें आई व्ही फ्लूड, पैरासिटामाल दवाईयां की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए ओआरएस पैकेट एवं जिंक टेबलेट उपलब्ध है। सभी केन्द्रों में पेयजल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मितानिनों के दवा पेटी में पर्याप्त मात्रा में मौसमी बीमारी से निपटने हेतु समस्त दवाईयॉ जैसे ओआरएस जिंक, पैरासिटामाल एवं अन्य आवश्यक दवाईयां उपलब्ध करा दी गई है। डॉ. हिरौंदिया ने उक्त बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियॉ जैसे खाने पीने की वस्तुओं और पानी को ढककर रखने, बासी भोजन, सड़े गले फलों का सेवन न करने व हमेशा ताजा भोजन करने कहा है। इसी तरह दस्त होने पर ओआरएस घोल बनाकर थोड़ी थोड़ी देर में पीते रहने, पानी को उबालकर या क्लोरिन की गोली डालकर ही पीने के लिए उपयोग में लाने, भोजन से पूर्व और शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोने की सलाह दी है। 104 आरोग्य सेवा केन्द्र से निशुल्क परामर्श या निकट के अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केन्द्र में जरूरी सलाह लिया जावें। डॉ. हिरौंदिया ने कहा कि दस्त होने के तुरंत ही घरेलू उपचार आरंभ करें, नारियल का पानी, नमकीन लस्सी, नींबू की शिकंजी, चावल का मांड, हल्की चाय, दाल का पानी आदि का सेवन लगातार करते रहें तथा शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें।
There is no ads to display, Please add some


