गरियाबंद (गंगा प्रकाश)।विद्युत आपूर्ति में किसी कारणवश बाधा आ जाने पश्चात रख-रखाव के कार्य में तकनीकी दृष्टि से विलंब होने की स्थिति में विद्युत विभाग ने आमजनों से सहयोग एवं सौहाद्रपूर्ण व्यवहार बनाये रखने की अपील की है। कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड गरियाबंद ने कहा कि जिला अंतर्गत गरियाबंद, छुरा, मैनपुर व देवभोग विकासखंड घने वनों से आच्छादित क्षेत्र है। विद्युत पोल आंधी व बारिश के कारण मिट्टी के कटाव की वजह से झुक जाते हैं अथवा गिर जाते हैं। वर्तमान में वर्षा काल में बारिश, आंधी-तूफान की वजह से वृक्ष के विद्युत तार में गिरने के कारण विद्युत व्यवधान होता है। विद्युत लाईन लंबी होने, सघन पहाड़ी वन क्षेत्र, बारिश-आंधी तूफान जैसी विषम प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण विद्युत व्यवधान को ढूंढने व्यवहारिक रुप से अधिक समय लगता है। तत्पश्चात् सुधार कार्य करना संभव हो पाता है।
कार्यपालन अभियंता ने उपभोक्ताओं एवं आमजनमानस से रखरखाव कार्य में विलंब होने की स्थिति में सौहार्दपूर्ण व्यवहार की अपेक्षा एवं सहयोग की आशा की है। किसी स्थान पर तार टूटने, तार पर वृक्ष गिरने, पोल टूटने की जानकारी होने पर निकटस्थ विद्युत कार्यालय में दूरभाष या प्रत्यक्ष रुप से सूचित करते हुये सहयोग प्रदान करने की अपील की है। साथ ही ऐसे सभी स्थलों से सुरक्षित दूरी बनाकर विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं से बचने के लिए जागरूक भी किया है।
There is no ads to display, Please add some
