गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत रविवार, 03 दिसम्बर को जिला मुख्यालय गरियाबंद के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मतगणना कक्ष में जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों का मतगणना किया जायेगा। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर से आवश्यक दिशा – निर्देश जारी किये गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री तीर्थराज अग्रवाल ने बताया कि मतगणना हॉल के भीतर मतगणना के परिणाम का योग करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता को एक-एक एनालॉग, केल्कुलेटर प्रदाय किया जायेगा।
इसके अलावा मतगणना हॉल के भीतर पासधारी अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं, मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना हॉल पर सीमित सामग्री लेने जाने की अनुमति दी गई है। इनमें कोरा कागज, मतपत्र लेखा प्रारूप 17 सी भाग – 1 की प्रति, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रदाय किये गए ईवीएम एवं वीवीपेट की सूची, प्लास्टिक पेन एवं पेंसिल शामिल है। मतगणना परिसर के बाहरी गेट पर खान-पान की व्यवस्था के लिए नियुक्त व्यवस्थापक द्वारा भोजन पैकेट उपलब्ध कराया जायेगा। जिसे मतगणना हॉल के भीतर नियुक्त मतगणना अभिकर्ता द्वारा प्राप्त कर अन्य मतगणना अभिकर्ताओं को प्रदाय किया जाएगा। इसी प्रकार मतगणना हॉल के भीतर मोबाईल फोन, आई पेड, लैपटॉप, स्मार्टवॉच, कैमरा, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बीडी सिगरेट, गुटका सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री नही ले जा सकते।
There is no ads to display, Please add some
