मुरमुरा पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की पहल, प्रमाणन प्रक्रिया से लेकर हेल्पलाइन तक ग्रामीणों को दी गई जानकारी
छुरा (गंगा प्रकाश)। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत मुरमुरा में आयोजित विशेष ग्राम सभा में बाल विवाह के खिलाफ महत्वपूर्ण पहल की गई। ग्राम सभा में पंचायत को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, रोकथाम में समुदाय की भूमिका और बाल विवाह की सूचना देने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
समर्पित जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन एवं नीति आयोग की सहयोगी संस्था एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के सहयोग से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह को रोकने के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया। ग्राम सभा में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ भी दिलाई गई तथा पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने के प्रस्ताव पर संकल्प लिया गया।
ऐसे होगा बाल विवाह मुक्त पंचायत का प्रमाणन
ग्राम सभा में भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ सरकार के बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त प्रमाणित किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
👉 जरूर पढ़ें: ग्राम सभा में उठा बड़ा संकल्प… अब बाल विवाह पर लगेगी रोक!
बताया गया कि निर्धारित प्रमाण-पत्र पर ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव एवं सरपंच के हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद प्रमाण-पत्र को जनपद पंचायत में प्रस्तुत किया जाएगा। वहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत द्वारा उपलब्ध जानकारी एवं प्रमाण-पत्र का परीक्षण किया जाएगा। जनपद स्तर पर परीक्षण के बाद प्रमाण-पत्र महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय भेजा जाएगा, जहां जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा इसका परीक्षण एवं हस्ताक्षर किए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत को जिला स्तर पर बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में प्रमाणित किया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबरों की भी दी गई जानकारी
ग्राम सभा में ग्रामीणों को बाल विवाह अथवा बच्चों से संबंधित किसी भी संकट की स्थिति में सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1800-1027-222 चाइल्ड प्रोटेक्शन हॉटलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन तथा 100 पुलिस हेल्पलाइन शामिल हैं।
👉 जरूर पढ़ें: दुल्ला में लगा ऐसा शिविर, जहां एक ही छत के नीचे पहुंची योजनाओं की सौगात… विधायक ने की कई विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान समुदाय से अपील की गई कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए और यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा हेल्पलाइन पर सूचना दे।
ग्राम सभा में इस अवसर पर सामूहिक रूप से संदेश दिया गया— गांव का विकास, समाज का सुधार—यही हमारा सामूहिक संकल्प है।
