सी-विजिल के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन एवं अन्य शिकायतों का कुशलतापूर्वक किया जा रहा निराकरण
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक आईआरएस एस ईश्वर ने आज संयुक्त जिला कार्यालय में स्थापित सी-विजिल एवं कमांड रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा की मौजूदगी में निर्वाचन में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए विकसित सी-विजिल मोबाईल एप्लीकेशन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री छिकारा ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आचार संहिता अनुपालन की निगरानी और शिकायतों के निराकरण के लिए बनाए गए सी- विजिल ऐप के कार्यप्रणाली की जानकारी दी। व्यय प्रेक्षक ने सी-विजिल के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों की कुशलतापूर्वक त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने बताया कि सी-विजिल के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन एवं अन्य प्राप्त शिकायतों का टाइम लिमिट में निराकरण किया जा रहा है। इसके लिए उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। सी विजिल ऐप में शिकायतें प्राप्त होने पर कमांड सेंटर द्वारा उड़नदस्ता टीम को अलर्ट किया जाता है। तत्पश्चात टीम द्वारा सक्रिय होकर प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में मौके मुकायना और निरीक्षण किया जाता है। इस तरह वस्तुस्थिति का पता लगाकर प्राप्त शिकायतों का कुशलतापूर्वक निराकरण किया जाता है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री तीर्थराज अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री अविनाश भोई सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some
