गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। शिक्षा विभाग द्वारा 9 वीं, 10 वीं, 11 वीं, 12 वीं की छमाही परीक्षा हेतु कार्ययोजना बनाई गई है। जिसके अनुसार शासकीय स्कूलों में 9 वीं से 12 वीं कक्षा की छमाही परीक्षाएं 7 दिसंबर से आयोजित की जाएगी। इस बार बोर्ड कक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र जिला स्तर पर तैयार होंगे। जिला शिक्षा कार्यालय दसवीं और बारहवीं के प्रश्न पत्र तैयार करेगा। इसके बाद इन्हें स्कूलों में पेपर शुरू होने के कुछ देर पहले ही व्हॉटसप अथवा ईमेल के जरिए भेज दिया जाएगा। स्कूल इनके पिं्रट आउट निकालकर छात्रों को वितरित करेंगे। वहीं 9 वीं और 11 वीं के प्रश्नपत्र शाला स्तर पर ही तैयार होंगे। 10 वीं एवं 12 वीं के प्रश्नपत्र जिला स्तर पर तैयार किए जाएंगे, लेकिन इनका मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर ही होगा। छमाही परीक्षाओं के लिए जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा समय-सारिणी जारी कर दी गई है। स्कूलों को निर्देश दिए गए है कि वे परीक्षाओं का आयोजन निर्धारित समय सारिणी में ही करें। नवमी और दसवीं की परीक्षाए 7 दिसंबर से शुरू होकर 14 दिसंबर तक चलेगी जबकि ग्यारहवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 7 दिसंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा छमाही परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए शिक्षकों का समूह तैयार किया गया है। इस कोर ग्रुप में विशेषज्ञ शिक्षकों को जगह दी गई है। शाला स्तर पर प्रश्नपत्र तैयार किए जाने की स्थिति में प्रत्येक विद्यालय के प्रश्नपत्र का स्तर पृथक-पृथक होता है। इससे छात्रों को एक स्तर पर मूल्यांकन नहीं हो पाता है। वार्षिक परीक्षाओं के लिए योजना बनाने में इससे दिक्कतें आती है। इन सभी चीजों को देखते हुए फैसला लिया गया है कि सभी स्कूलों को एक समान प्रश्नपत्र वितरित किए जाएं ताकि छात्रों का मूल्यांकन एक स्तर हो सके। इंग्लिश और हिन्दी माध्यम विद्यालयों के लिए समय अलग अलग रखा गया है। इंग्लिश माध्यम विद्यालयों की परीक्षाएं सुबह 8 से 11 बजे तक संचालित होगी, जबकि हिन्दी माध्यम विद्यालयों में परीक्षा का समय दोपहर 12 से 3 बजे तक रखा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था हमने गुणवत्ता के लिए की है। इससे विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन की वास्तविक स्थिति का ज्ञान हो सकेगा। इसके आधार पर हमें वार्षिक की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some

