फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। फिंगेश्वर ब्लॉक मुख्यालय में प्रमुख मार्ग सूखा नदी के समीप लंबे समय से संचालित देशी व अंग्रेजी शराब भट्टी को हटाने की मांग को लेकर एबीवीपी के छात्रों ने नगर के प्रमुख मार्ग में ढोल बजाकर जमकर नारेबाजी की। नगर के हृदय स्थल पुराना बस स्टैंड परिसर में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। फिंगेश्वर राजिम पहुंच मार्ग स्थित बस स्टैंड परिसर में पुतला दहन के दरमियान विद्यार्थी परिषद के सदस्यों व पुलिस के बीच जमकर झुमा झटिकी भी हुई। बावजूद परिषद के सदस्य पुतला दहन करने में कामयाब रहे। देशी व अंग्रेजी शराब भट्टी संचालित होने से प्रमुख मार्ग से गुजरने के दौरान स्कूली छात्र छात्राओं व महिलाओं के साथ आए दिन छेड़खानी होती है। एबीवीपी के छात्रों ने तकरीबन 2 माह पहले भी शराब भट्टी का घेराव कर जमकर हंगामा कर शराब भट्टी की स्थानांतरण की मांग की थी। शासन प्रशासन द्वारा भट्टी हटाने के आश्वासन देने के बाद भी भठ्ठी नहीं हटाए जाने से छात्रों में जमकर आक्रोश देखा गया। आंदोलन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार व आबकारी निरीक्षक एक दूसरे के ऊपर पल्ला झाड़ते हुए सार्थक जवाब देने में असमर्थ रहे। वहीं एबीवीपी के छात्रों ने अब उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
There is no ads to display, Please add some


