“शासन का नया संदेश – गरियाबंद में श्री उइके की नई पारी शुरू”
- पूर्व कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल को दी गई भावभीनी विदाई
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)।राज्य शासन के आदेशानुसार गरियाबंद जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारी का बदलाव हुआ है। नए कलेक्टर के रूप में भगवान सिंह उइके ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। वहीं निवर्तमान कलेक्टर दीपक अग्रवाल को नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के पद पर पदस्थ किया गया है।
कार्यभार ग्रहण के पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वागत एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर नवपदस्थ कलेक्टर श्री उइके का स्वागत किया। साथ ही निवर्तमान कलेक्टर श्री अग्रवाल को स्मृतिचिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।
नए कलेक्टर श्री उइके ने अपने संबोधन में कहा कि,
“गरियाबंद जिला वनांचल व आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।”
इस अवसर पर निवर्तमान कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिले में लोकसभा चुनाव, राजिम कुंभ कल्प मेला, पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। साथ ही गौरव गरियाबंद अभियान, टीबी मुक्त अभियान, प्रयास कोचिंग, सुपोषण अभियान, जैसे नवाचारों के माध्यम से जिले ने राज्य में उत्कृष्ट पहचान बनाई।
समारोह में जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर अरविंद पाण्डेय, जल संसाधन विभाग के ईई एस.के. बर्मन, उप संचालक पशुपालन ओ.पी. तिवारी, डीपीओ अशोक पाण्डेय सहित जिले के समस्त एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री अग्रवाल के नेतृत्व की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
There is no ads to display, Please add some
