
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर (गंगा प्रकाश)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय गोपाल व्यास के निधन पर पुरैना स्थित उनके निवास पहुंच अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्व० व्यास छत्तीसगढ़ राजनीति के पुरोधाओं में एक थे। वे वर्ष 2006 से 2012 तक छत्तीसगढ़ राज्य से राज्यसभा सांसद रहे। वे गृहस्थ रहते हुये भी महान संत थे , उनकी सरलता और सादगी ने सभी को प्रभावित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने सदैव देश व समाज हित में कार्य किया , दुनियां से उनका चले जाना यह देश एवं प्रदेश के लिये अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री साय ने व्यास के साथ बिताये दिनों को याद करते हुये कहा कि मुझे अनेक अवसरों पर उनके साथ कार्यक्रमों में शामिल होने का मौका मिला। सामान्यतः किसी कार्यक्रम का शुभारंभ हम फीता काट कर करते हैं , लेकिन व्यास कहते थे कि मुझे यह व्यक्तिगत रूप से अच्छा नहीं लगता , हमारा काम काटने का नहीं बल्कि जोड़ने का है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा , पूर्व राज्यपाल रमेश बैस , विधायक विक्रम उसेंडी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय गोपाल व्यास के मंशानुरूप उनका पार्थिव शरीर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान को दान किया जायेगा।
There is no ads to display, Please add some


