छुरा/गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज 10 फरवरी 2026, मंगलवार को नगर पंचायत छुरा में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर रेडक्रॉस सोसायटी गरियाबंद के सहयोग से मुस्लिम वेलफेयर कमेटी छुरा द्वारा नगर पंचायत भवन के सामने आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

आयोजन समिति द्वारा शिविर की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस शिविर में प्रशिक्षित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की देखरेख में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया जाएगा। रक्तदान से पहले प्रत्येक दानकर्ता की स्वास्थ्य जांच की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और मानक नियमों के अनुरूप हो सके।
Animal Park और कबीर सिंह क्रॉसओवर: शाहिद कपूर ने बताया क्यों नहीं हो पाया ‘एनिमल’ में धाकड़ कैमियो
आयोजकों ने बताया कि दुर्घटनाओं, प्रसूता महिलाओं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की निरंतर आवश्यकता बनी रहती है। कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है। ऐसे समय में रक्तदान शिविर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं।

शिविर में नगर के सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। विशेष रूप से युवाओं में रक्तदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है और कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान करने की इच्छा जताई है।
मुस्लिम वेलफेयर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता ही नहीं करता बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। रक्तदान के बाद शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे शरीर स्वस्थ रहता है और कई स्वास्थ्य जोखिम भी कम होते हैं।
रक्तदान करने वालों के लिए शिविर स्थल पर विश्राम एवं अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा ताकि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और बढ़ सके।

आयोजन समिति ने छुरा नगर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस मानवीय कार्य में भागीदारी निभाएं और जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में सहयोग दें।
नगर में इस आयोजन को लेकर सामाजिक उत्साह का माहौल बना हुआ है और उम्मीद की जा रही है कि यह रक्तदान शिविर मानव सेवा का एक बड़ा उदाहरण साबित होगा।
There is no ads to display, Please add some


