प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार गृह क्षेत्र पहुंचने पर हुआ जोरदार अभिनंदन
छुरा (गंगा प्रकाश)। विकासखंड छुरा के ग्राम खरखरा की बेटी जानकी हरपाल ने देश सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर अपने गांव सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में महिला जवान के रूप में चयनित होने के बाद प्रशिक्षण पूर्ण कर जब वह पहली बार अपने गृह क्षेत्र छुरा और ग्राम खरखरा पहुंचीं, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

छुरा थाना में हुआ आत्मीय स्वागत
जानकी हरपाल के छुरा आगमन पर सर्वप्रथम छुरा थाना परिसर में थाना स्टाफ द्वारा उनका फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का सुरक्षा बलों में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है तथा इससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
गृह ग्राम खरखरा में ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
थाना स्वागत के पश्चात जानकी हरपाल अपने गृह ग्राम खरखरा पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। गांव में प्रवेश करते ही युवाओं और ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर तथा जयघोष करते हुए उनका स्वागत किया। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने गर्व के साथ उनका अभिनंदन किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम उस शासकीय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां से जानकी हरपाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उनका सम्मान किया गया तथा उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया गया।
अपने विद्यालय में सम्मान पाकर हुईं भावुक
कार्यक्रम के दौरान जानकी हरपाल भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली और आज देश सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अपने ही गांव और विद्यालय में सम्मानित होना उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत के साथ आगे बढ़ा जाए तो ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने और सुरक्षा बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
LIVE बजट 2026: प्रदेश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करेगा आज का बड़ा ऐलान
दो बहनों की देश सेवा बनी प्रेरणास्रोत
उल्लेखनीय है कि जानकी हरपाल की बड़ी बहन यशोदा हरपाल नगर सेना के पद पर पदस्थ हैं। एक ही परिवार की दो बेटियों का सुरक्षा बलों में सेवाएं देना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। इससे क्षेत्र की बेटियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिल रही है।
जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विशेष रूप से जनपद सदस्य मुंगेश्वरी अशोक ठाकुर, परदेशी हरपाल, प्रेम हरपाल, उत्तम हरपाल, मनोज पटेल (सीजी कलाकार), डिगेश्वर सेन, लोकेश वैष्णव, थानेश्वर तिवारी, छोटन साहू, लोकेश सोनवानी, खिलावन साहू, परमेश्वर साहू, मदन निषाद, फलेंद्र साहू, तुलस निषाद सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
क्षेत्र के लिए गौरव का विषय
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने जानकी हरपाल को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए देश सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि जानकी हरपाल की सफलता से ग्राम खरखरा ही नहीं बल्कि पूरा छुरा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है।
जानकी हरपाल की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर ग्रामीण अंचल की बेटियां भी देश सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त कर सकती हैं। उनके स्वागत समारोह ने युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

There is no ads to display, Please add some


