गरीब परिवारों को सिलाई मशीन, साड़ी व मच्छरदानी, बच्चों को शैक्षणिक सामग्री — नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विश्वास बढ़ाने की पहल
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले के नक्सल प्रभावित बिन्द्रानवागढ़ चौकी क्षेत्र में जी/65 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का व्यापक आयोजन किया गया। कमांडेंट राधे श्याम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उप कमांडेंट सुधेन्द्र सिंह एवं सहायक कमांडेंट राजीव रतन के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जनसेवा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बिन्द्रानवागढ़, खमारीपारा, बोईरबेहरा, तिमनपुर सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान चिकित्सा शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं से दूर इन ग्रामीण इलाकों में इस प्रकार के शिविर से लोगों को काफी राहत मिली।

जरूरतमंदों को उपयोगी सामग्री का वितरण
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सिलाई मशीन, साड़ियां, मच्छरदानियां जैसी दैनिक उपयोग की सामग्री प्रदान की गई। वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, ड्राइंग बॉक्स, चप्पल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रोत्साहित किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
नक्सल प्रभाव कम करने और विश्वास बढ़ाने की पहल
उप कमांडेंट सुधेन्द्र सिंह ने बताया कि सीआरपीएफ का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों की सहायता करना, गांवों के विकास में भागीदारी निभाना और युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाना इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सिविक एक्शन कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास और सकारात्मक जुड़ाव मजबूत होता है, जिससे क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव को कम करने में मदद मिलती है।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस आयोजन में निरीक्षक जीडी डी.पी. चतुर्वेदी, निरीक्षक जीडी दलजीत सिंह, उप निरीक्षक भुवनेश्वरी नरेटी (चौकी प्रभारी बिन्द्रानवागढ़), ग्राम सरपंच शश्या ठाकुर सहित सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल उनकी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, बल्कि सुरक्षा बलों के प्रति भरोसा भी मजबूत करते हैं। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की। इस सिविक एक्शन कार्यक्रम ने न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई, बल्कि विकास और विश्वास की एक नई मिसाल भी कायम की है।

There is no ads to display, Please add some


