उन्नति शाखा ने शीतल पेय जल के लिए मुख्य चौक में स्थापित किया वाटर कूलर
शुकदेव वैष्णव
महासमुंद (गंगा प्रकाश)। गर्मी के तीखे तेवरों के बीच जब आमजन गर्मी और प्यास से बेहाल हैं, ऐसे समय में मारवाड़ी युवा मंच उन्नति शाखा बसना ने एक सराहनीय पहल करते हुए समाज सेवा की भावना को साकार रूप दिया है। बसना शाखा द्वारा अपने स्थायी प्रकल्प “अमृत धारा” के अंतर्गत नगर के व्यस्ततम मुख्य चौक में अत्याधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया गया, जिससे अब राहगीरों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
नगर के प्रमुख चौराहे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस स्थान का चयन कर उन्नति शाखा ने दूरदर्शिता का परिचय दिया है। इस वाटर कूलर के माध्यम से अब दिनभर आने-जाने वाले यात्रियों, रिक्शा चालकों, मजदूरों, दुकानदारों और आम राहगीरों को भीषण गर्मी में राहत मिलेगी और उन्हें स्वच्छ शीतल पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा की वरिष्ठ सदस्य एवं राष्ट्रीय स्वस्थ भारत फोरम की वाइस चेयरमैन श्रीमती रीना अग्रवाल के करकमलों द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती रीना अग्रवाल ने कहा कि “भीषण गर्मी के इस दौर में शीतल जल की व्यवस्था करना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है। ‘अमृत धारा’ जैसा प्रकल्प न केवल लोगों को राहत देता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी फैलाता है। उन्नति शाखा की बहनों द्वारा किया गया यह प्रयास प्रेरणादायी है और अन्य संगठनों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है। वहीं बसना शाखा की नव निर्वाचित अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल एक वाटर कूलर स्थापित करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक यथा संभव राहत पहुंचाना है। उन्नति शाखा हमेशा से जनहित के कार्यों में अग्रणी रही है और आगे भी शाखा के द्वारा‘अमृत धारा’ जैसे सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास जारी रखेगा। हम सभी सदस्याएं मिलकर समाज सेवा की इस परंपरा को और मजबूत बनाएंगी।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया और उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस सेवा कार्य को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर उन्नति शाखा की सभी सदस्य बहनों ने पूरे उत्साह, समर्पण एवं सहयोग की भावना के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। शाखा की सदस्याओं ने न केवल इस प्रकल्प को सफल बनाने में योगदान दिया, बल्कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उल्लेखनीय है कि मारवाड़ी युवा मंच उन्नति शाखा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों का संचालन करती रही है।
“अमृत धारा” प्रकल्प भी उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सतत प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वस्थ भारत फोरम की वाइस चेयरमैन श्रीमती रीना अग्रवाल, उन्नति शाखा के तत्कालीन अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, सचिव श्वेता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सपना अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य विनीता अग्रवाल, ममता अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, उन्नति शाखा की नव निर्वाचित अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, नवनिर्वाचित सचिव कंचन अग्रवाल, नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष संध्या अग्रवाल सहित अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
गंगा प्रकाश छत्तीसगढ के गरियाबंद जिले छुरा(न.प.) से दैनिक समाचार पत्रिका/वेब पोर्टल है। गंगा प्रकाश का उद्देश्य सच्ची खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का है। जिसके लिए अनुभवी संवाददाताओं की टीम हमारे साथ जुड़कर कार्य कर रही है। समाचार पत्र/वेब पोर्टल में प्रकाशित समाचार, लेख, विज्ञापन संवाददाताओं द्वारा लिखी कलम व संकलन कर्ता के है। इसके लिए प्रकाशक, मुद्रक, स्वामी, संपादक की कोई जवाबदारी नहीं है। न्यायिक क्षेत्र गरियाबंद जिला है।