आज के बच्चे भारत का चमकता चेहरा हैं – रूपनाथ बंजारे
छुरा (गंगा प्रकाश)। स्थानीय शासकीय प्राथमिक विद्यालय हरदी में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव एवं नेवता भोज का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाओं के साथ विद्यालय परिवार ने आत्मीय स्वागत किया। वहीं शाला विकास समिति के अध्यक्ष चमन यादव के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित नेवता भोज में बच्चों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों का अभिनंदन कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं उप सरपंच संघ के अध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत हरदी के उप सरपंच रूपनाथ बंजारे ने कहा कि वर्तमान समय के बच्चे डिजिटल और तकनीकी युग में आगे बढ़ रहे हैं। यही बच्चे भविष्य में देश की दिशा तय करेंगे और भारत का चमकता हुआ चेहरा बनेंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
विकासखंड स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज सुब्रतो फुटबॉल से
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थानुराम तारक ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए बच्चों से लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया। वहीं पूर्व सरपंच एवं पूर्व अधीक्षक शीतल ध्रुव ने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार, सादगी, अनुशासन और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

शाला विकास समिति के अध्यक्ष चमन यादव ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, बच्चों का भविष्य उतना ही उज्ज्वल बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित नेवता भोज सामुदायिक सहभागिता का आकर्षक केंद्र रहा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भोजन ग्रहण किया। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया।
रायपुर में वन मंत्री केदार कश्यप व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिले बस्तर के जनप्रतिनिधि, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
इस अवसर पर ग्राम पंचायत हरदी की पंच दुलारी कंवर, माहेश्वरी कंवर, पूर्णिमा साहू, प्रधान पाठिका धनेश्वरी मार्कंडेय, शिक्षक दीपक तिवारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे समय उत्साह, अपनत्व और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश से ओत-प्रोत रहा।





