बरसात में तो पक्षी का घोंसला भी नहीं उजाड़ा जाता, गरीबों के घर तोड़ना अमानवीय; संगठन मजबूती पर कार्यकर्ताओं से किया मंथन
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत मंगलवार को गरियाबंद जिले के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर आतिशबाजी, फूल-मालाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोरदार नारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया। दौरे के दौरान डॉ. महंत ने कांग्रेस संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति तथा जिले के समसामयिक मुद्दों पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. महंत ने कहा कि उनका गरियाबंद प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी हुई है और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम बनता है।
76% अंकों के साथ नवोदय चयन परीक्षा में प्रथम रहे तन्मय कश्यप, जिले का बढ़ाया मान
इस दौरान डॉ. महंत ने नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकानों को तोड़े जाने की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में तो पक्षी का घोंसला भी नहीं उजाड़ा जाता, लेकिन सरकार ने गरीबों के आशियाने तोड़ दिए। यह घटना बेहद दुखद, संवेदनहीन और अमानवीय है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि गरीबों के मकान तोड़ने के पीछे सरकार की मंशा उस जमीन का उपयोग विधायक और अधिकारियों को लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से उठाएगी और आगामी विधानसभा सत्र में इसे प्रमुख मुद्दा बनाएगी। साथ ही प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
डॉ. महंत ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का दायित्व गरीबों को संरक्षण देना है, न कि उनके सिर से छत छीनना। उन्होंने प्रशासन से भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।
दुर्लभ पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू, वन विभाग ने संरक्षण में लिया
उन्होंने बताया कि गरियाबंद प्रवास के दौरान उनका बिन्द्रानवागढ़ विधायक से पारिवारिक भेंट-मुलाकात का भी कार्यक्रम निर्धारित है। इसके अलावा उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
डॉ. महंत के स्वागत एवं कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उनके बयान के बाद नकटी गांव का मामला एक बार फिर जिले की राजनीति के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक जोरदार ढंग से उठाया जाएगा, जबकि अब सभी की निगाहें सरकार और प्रशासन की आगामी प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।





