कोपरा (गंगा प्रकाश)। फिंगेश्वर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही अघोषित और घंटों तक की बिजली कटौती अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडि़क ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, गरियाबंद को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल बिजली व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी तो क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कोपरा विद्युत कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि फिंगेश्वर क्षेत्र के अनेक गांवों में लंबे समय से अनियमित एवं अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। कई बार घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रहती है, लेकिन विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, छोटे व्यवसाय, कृषि कार्य और विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बरसात के मौसम में भी लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गई है।
इंद्रजीत महाडि़क ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जब उपभोक्ता विभाग के कर्मचारियों या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई बार फोन रिसीव नहीं किए जाते और यदि संपर्क हो भी जाए तो स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। इससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। यह स्थिति उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। उन्होंने विभाग से मांग की कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए, खराब विद्युत लाइनों एवं उपकरणों की समय पर मरम्मत की जाए तथा किसी तकनीकी कारण से बिजली बंद करनी पड़े तो उसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाए।
जिला पंचायत सदस्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत विभाग ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो क्षेत्र के ग्रामीण, किसान, व्यापारी, छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि एकजुट होकर कोपरा विद्युत कार्यालय का घेराव करेंगे तथा व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की जवाबदेही विद्युत विभाग की होगी।

क्षेत्रवासियों ने भी बिजली आपूर्ति को नियमित करने की मांग करते हुए कहा है कि लगातार हो रही कटौती से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द ही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।




