गांव की जरूरतों को मिली जमीन पर सौगात, विधायक रोहित साहू ने कहा—ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। ग्राम पंचायत गनियारी के आश्रित ग्राम घोघरा में लंबे समय से ग्रामीणों की जरूरत से जुड़े दो महत्वपूर्ण विकास कार्य अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। गांव में नवनिर्मित सीसी रोड एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण समारोहपूर्वक किया गया। विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ ही ग्रामीणों को आवागमन और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
लोकार्पण समारोह में ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच विधायक रोहित साहू ने विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क और सामुदायिक भवन जैसे कार्य भले ही स्थानीय स्तर के दिखाई दें, लेकिन इनका सीधा असर ग्रामीणों के रोजमर्रा के जीवन पर पड़ता है। सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा, वहीं सामुदायिक भवन के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

‘गांव, गरीब और जरूरतमंद सरकार के केंद्र में’
विधायक ने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंद परिवारों के हित को केंद्र में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी सरकार द्वारा योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
👉 जरूर पढ़ें – पसरदकला में गूंजा ‘गोविंदा आला रे’, विधायक रोहित साहू ने फोड़ी मटकी
उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचना जरूरी है। सड़क, भवन, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बिजली बिल और सौर ऊर्जा पर भी बोले विधायक
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने बिजली बिल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि जनता को योजनाओं की वास्तविक जानकारी देकर जागरूक करने की जरूरत है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील की।
विधायक ने कहा कि घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर परिवार बिजली के खर्च को कम करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

विकास कार्यों से बढ़ेंगी ग्रामीण गतिविधियां
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि घोघरा में सीसी रोड और सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामीणों की महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करता है। सड़क बनने से गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और बारिश के दिनों में भी ग्रामीणों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। वहीं सामुदायिक भवन गांव में सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए आगे भी विकास कार्यों को गति देने का प्रयास जारी रहेगा।
👉 जरूर पढ़ें – कुत्ते के काटने से दो लोग घायल, जिला अस्पताल रेफर
भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता साहू ने ग्रामीणों को विकास कार्यों की बधाई देते हुए शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
ग्रामीणों ने जताया आभार
लोकार्पण कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती सरोज भीखम लोहिले, उपसरपंच महेश साहू, ओमकार साहू, दीना साहू, भूषण साहू, किशोर निर्मलकर, परमेश्वर गंधर्व, मिथलेश ध्रुव, आशाराम, पूर्व जनपद सदस्य भुपेश्वरी साहू, पुष्पी साहू, पंच आनंदराम साहू, उदय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना रहा कि नए निर्माण से गांव की तस्वीर में बदलाव के साथ-साथ दैनिक आवागमन और सामाजिक आयोजनों में भी सुविधा मिलेगी। घोघरा में हुए इन विकास कार्यों को ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





