सड़क, भवन, आवास से लेकर पुल और सड़क चौड़ीकरण तक कई घोषणाएं; 280 प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का जिक्र, रोहित साहू बोले—ढाई साल में राजिम विधानसभा को बनाएंगे विकास का मॉडल
छुरा (गंगा प्रकाश)। ग्राम पंचायत सारागांव में रविवार का दिन ग्रामीणों के लिए कई विकास सौगातों की घोषणा लेकर आया। विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के बीच राजिम विधायक रोहित साहू का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में सड़क निर्माण से लेकर महिला संगठन भवन, आवास, पुल और सड़क चौड़ीकरण तक की चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि आने वाले ढाई वर्षों में राजिम विधानसभा क्षेत्र को विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केशरी ध्रुव, जनपद सदस्य नारायण सिन्हा एवं पंकज निर्मलकर, सरपंच इंडेश्वरी कंवर, उपसरपंच कामता यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सड़क से भवन तक कई कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
विधायक रोहित साहू ने सारागांव में बिरझु घर से देव ठाकुर घर तक सीसी रोड निर्माण, डुमरडीह में सीसी रोड निर्माण तथा स्कूल भवन मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं प्रतिभा महिला ग्राम संगठन भवन के जीर्णोद्धार एवं टिनशेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
👉 जरूर पढ़ें: जंगल ले गया… फिर घर से बरामद हुई नाबालिग, अदालत में 11 गवाहों की गवाही के बाद आया फैसला
ग्रामीणों की मांगों को लेकर विधायक ने रंगमंच, मुक्तिधाम तथा शीतला मंदिर सामुदायिक भवन के लिए स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा सोमलता कंवर और हिमांशी नायक को सात-सात हजार रुपये तथा उत्तरा ध्रुव को मंदिर जीर्णोद्धार के लिए 15 हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की गई।
280 आवासों की स्वीकृति का जिक्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सारागांव में पहले 218 प्रधानमंत्री आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 280 आवासों की स्वीकृति की जानकारी देते हुए उन्होंने इसे ग्रामीण परिवारों के लिए बड़ी सौगात बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के साथ गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। विधायक ने महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना, भूमिहीन परिवारों को सहायता तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

टूटे पुल से सड़क चौड़ीकरण तक बड़ी उम्मीद
कार्यक्रम में स्थानीय समस्याओं का मुद्दा भी सामने आया। विधायक ने कोसमबुड़ा और सारागांव के बीच टूटे पुल को बड़े पुल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करने की बात कही। उन्होंने कोसमबुड़ा से चूरकीदादर तक सड़क चौड़ीकरण की दिशा में पहल का आश्वासन दिया। उनके अनुसार सड़क चौड़ी होने से छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक आवागमन को सुविधा मिल सकती है।
विधायक ने जिला मुख्यालय में ट्रामा सेंटर, विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी तथा छुरा-कौंदकेरा-राजिम मार्ग से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया।
सारागांव ने आशीर्वाद दिया, अब विकास की जिम्मेदारी मेरी
रोहित साहू ने चुनाव के दौरान सारागांव से मिले समर्थन को याद करते हुए कहा कि चुनाव से पहले वे ग्रामीणों के बीच आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। उस दौरान ग्रामीणों की प्रमुख चिंताओं में पक्के मकान और बुनियादी सुविधाएं शामिल थीं। उन्होंने कहा कि अब गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें: विकास की रकम में आखिर किसका हिस्सा? ‘कमीशन’ के आरोपों ने खड़े किए कई सवाल
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि आने वाले ढाई वर्षों में राजिम विधानसभा क्षेत्र का विकास प्रदेश के लिए एक मॉडल के रूप में सामने आए।
जनपद अध्यक्ष बोलीं—गांव-गांव पहुंच रहे विधायक
जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि विधायक रोहित साहू लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और विकास कार्यों की पहल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीणों के लिए विधायक तक पहुंचना कठिन माना जाता था, लेकिन अब जनप्रतिनिधि स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।
जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने विधायक रोहित साहू के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पंच-सरपंच से लेकर जिला पंचायत और विधायक तक का सफर तय किया है। उनके अनुसार जमीनी स्तर से आगे बढ़ने के कारण उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों की समझ है।
महिलाओं का सम्मान, ग्रामीणों के साथ भोजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने प्रतिभा महिला ग्राम संगठन की महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विधायक ने महिला संगठन की महिलाओं एवं ग्रामवासियों के साथ पंडाल में बैठकर भोजन किया।
इस अवसर पर ग्रामीण अध्यक्ष कुंदन लाल निर्मलकर, कोषाध्यक्ष प्रताप दीवान, सलाहकार उत्तम चंद्राकर, प्रतिभा महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष धनमत दीवान, सचिव नीरा यदु सहित दिनदयाल साहू, कुंजलाल यदु, प्रेम देवांगन, संजय साहू, गोकुल ध्रुव, मेंदनी ध्रुवा, राखी निर्मलकर, रामायण कंवर, पंचराम ध्रुव, उमेश निषाद, महेश निर्मलकर, चुरामन दीवान, महेश कंवर, रमेश कंवर, मिथलेश कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





